भोपाल, फरवरी 2013/ मनरेगा में पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व बनाये रखने और प्राप्त जन-शिकायतों की समयबद्ध जाँच के लिए मध्यप्रदेश लोकायुक्त एवं उप लोकायुक्त अधिनियम 1981 के अंतर्गत संभागीय सतर्कता समितियों का गठन कर दिया गया है। सचिव, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग डॉ. राजेश राजौरा ने बताया है कि समितियों के अध्यक्ष एवं सदस्यों की नियुक्ति की गई है। साथ ही हर जिले में मनरेगा लोकपाल भी नियुक्त किए गए हैं।
दस संभाग की संभागीय सतर्कता समिति में 6 अध्यक्ष की नियुक्ति की गई है। चार अध्यक्ष के पास दो-दो संभाग का दायित्व होगा। जबलपुर एवं सागर संभाग की समिति के अध्यक्ष के पास एक-एक संभाग का ही दायित्व रहेगा। प्रत्येक समिति में सदस्यों की भी नियुक्ति की गई है। इन सदस्यों को भी विभिन्न जिलों का लोकपाल नियुक्त किया गया है।
भोपाल एवं नर्मदापुरम् संभाग के लिए सेवानिवृत्त जिला न्यायाधीश कैलाशचन्द्र मनाना संभागीय सतर्कता समिति के अध्यक्ष होंगे। सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता देवेन्द्र सिंह भदौरिया समिति के सदस्य होंगे। श्री मनाना भोपाल, सीहोर एवं रायसेन जिले में मनरेगा लोकपाल नियुक्त किये गये हैं। श्री भदौरिया राजगढ़, विदिशा, बैतूल, होशंगाबाद एवं हरदा में मनरेगा के लोकपाल होंगे।
इन्दौर एवं उज्जैन संभाग के लिए सेवानिवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती शर्मिष्ठा दवे संभागीय सतर्कता समिति की अध्यक्ष होंगी। सेवानिवृत्त अपर जिला न्यायाधीश रमेश चन्द्र कुमावत और सेवानिवृत्त अपर कलेक्टर श्याम सुंदर दुबे समिति के सदस्य होंगे। श्रीमती दवे इन्दौर, धार, खरगोन, उज्जैन, देवास जिले में मनरेगा लोकपाल नियुक्त की गईं हैं। श्री कुमावत अलीराजपुर, झाबुआ, रतलाम, मंदसौर, नीमच और श्री दुबे बड़वानी, खण्डवा, बुरहानपुर एवं शाजापुर में मनरेगा के लोकपाल होंगें।
जबलपुर संभाग के लिए सेवानिवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश रामगोपाल अग्रवाल संभागीय सतर्कता समिति के अध्यक्ष होंगे। सेवानिवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती जमना यादव एवं सेवानिवृत्त वन संरक्षक चंद्रशेखर दुबे समिति के सदस्य होंगे। श्री अग्रवाल जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर जिले में मनरेगा लोकपाल नियुक्त किये गये हैं। श्रीमती यादव छिन्दवाड़ा, मण्डला और श्री दुबे सिवनी एवं बालाघाट में मनरेगा के लोकपाल होंगे।
सागर संभाग के लिए सेवानिवृत्त आई.ए.एस. डॉ. रामानन्द शुक्ल संभागीय सतर्कता समिति के अध्यक्ष होंगे। श्री शुक्ल सागर, दमोह, पन्ना, छतरपुर एवं टीकमगढ़ जिले में मनरेगा लोकपाल होंगे।
ग्वालियर एवं चंबल संभाग के लिए सेवानिवृत्त न्यायिक अधिकारी डॉ. ओ.पी. शर्मा संभागीय सतर्कता समिति के अध्यक्ष होंगे। सेवानिवृत्त अपर कलेक्टर श्री आर.सी. गर्ग समिति के सदस्य होंगे। डॉ. शर्मा ग्वालियर, मुरैना, श्योपुर, एवं गुना जिले में मनरेगा लोकपाल नियुक्त किये गये हैं। श्री गर्ग को भिण्ड, शिवपुरी, दतिया एवं अशोकनगर में मनरेगा का लोकपाल नियुक्त किया गया है।
रीवा एवं शहडोल संभाग के लिए सेवानिवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश कमलेश्वर प्रसाद तिवारी संभागीय सतर्कता समिति के अध्यक्ष होंगे। सेवानिवृत्त जिला न्यायाधीश लखन लाल शुक्ला एवं उच्च न्यायिक सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी राधेश्याम त्रिपाठी समिति के सदस्य होंगे। श्री तिवारी रीवा, सिंगरौली एवं सीधी जिले में मनरेगा लोकपाल नियुक्त किये गये हैं। श्री शुक्ला सतना, उमरिया, डिण्डोरी एवं श्री त्रिपाठी शहडोल एवं अनूपपुर में मनरेगा के लोकपाल होंगे।