भोपाल, जनवरी 2013/ राजधानी के लाल परेड ग्राउण्ड पर गणतंत्र दिवस के राज्य-स्तरीय समारोह के अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग की झाँकी तथा हार्स-शो आकर्षण का केन्द्र रहा। राज्य घुड़सवारी अकादमी के खिलाडि़यों ने आकर्षक हार्स-शो का प्रदर्शन किया। इसमें पहली बार टेंट पेगिंग, हेन्की पेगिंग, ट्रिक पेगिंग का प्रदर्शन किया गया। साथ ही जिमनास्टिक, जम्पिंग का भी प्रदर्शन हुआ। घुड़सवारों ने फायर-रिंग के अंदर से घोड़ों को जम्प करने का करतब दिखाए। बाइक के ऊपर से जम्पिंग भी आकर्षण का केन्द्र रही।
झाँकी में नन्हा मलखम्ब खिलाड़ी
खेल विभाग की झाँकी में साढ़े चार वर्ष का नन्हा मलखम्ब खिलाड़ी गौतम गुप्ता और रोप मलखम्ब का प्रदर्शन आकर्षण का केन्द्र रहे। झाँकी में ओलम्पिक-2020 की नई योजना को प्रदर्शित किया गया। योजना में मार्शल-आर्ट, वॉटर-स्पोर्ट तथा शूटिंग खेल को चिन्हित किया गया। इसमें 9 वर्ष की आयु से खिलाड़ियों का चयन कर प्रशिक्षण दिया जाना दर्शाया गया है। झाँकी के प्रथम भाग में मलखम्ब का प्रदर्शन दृष्टिगोचर है।
झाँकी के द्वितीय भाग में बॉक्सिंग, फेंसिंग, ताईक्वांडो, वॉटर-स्पोर्ट तथा शूटिंग खेल के अंतर्राष्ट्रीय-स्तर के उपकरण एवं देश-विदेश के प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षण दर्शाया गया। झाँकी के अंतिम भाग में ओलम्पिक-2020 में पदक प्राप्त करने का जीवंत चित्रण दर्शाया गया है।