भोपाल, फरवरी 2013/ स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और पूर्व सांसद नारायण प्रसाद गुप्ता का यहां पूर्ण राजकीय सम्मान से अंतिम संस्कार किया गया। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद गुप्ता के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। श्री चौहान ने स्व. गुप्ता के निवास पर पहुंचकर उनकी पार्थिव देह पर पुष्प चक्र अर्पित किया, श्रद्धांजलि दी। भाजपा कार्यालय से मुक्ति धाम तक खुले वाहन में निकली शव यात्रा में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री कहा कि स्व. गुप्ता एक कुशल संगठक और राष्ट्रवादी विचारधारा के थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन राष्ट्र के लिये समर्पित किया। उनका व्यक्त्तित्व अद्भुत था। उनमें देश प्रेम कूट-कूट कर भरा था। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम, भोपाल विलीनीकरण आंदोलन, कश्मीर आंदोलन, गोवा मुक्ति संग्राम में भाग लिया था। वे जनसंघ के संस्थापक सदस्यों में से थे। भाजपा को वर्तमान स्वरूप देने में उनका महत्वपूर्ण योगदान था।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि स्व. गुप्ता कुशल संगठक थे। वे जीवनभर अपने सिद्धांतों पर अडिग रहे। श्री कैलाश सारंग ने कहा कि स्व. गुप्ता ने अपना संपूर्ण जीवन देश और समाज को समर्पित किया। पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी ने कहा कि स्व. गुप्ता ने जीवनभर विचारधारा और संगठन के लिये काम किया।
इस अवसर पर भाजपा कार्यालय में पूर्व मुख्यमंत्री सुन्दर लाल पटवा, सांसद प्रभात झा, पूर्व केंद्रीय मंत्री विक्रम वर्मा, सांसद कप्तान सिंह सोलंकी, अरविंद मेनन, गृह मंत्री उमाशंकर गुप्ता, जनसम्पर्क मंत्री लक्ष्मीकान्त शर्मा सहित मंत्रीगण, पदाधिकारी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।