भोपाल, मार्च 2013/ मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में कबड्डी अकादमी स्थापित होगी। उन्होंने कहा कि खेल में भी उज्जवल कैरियर है। खिलाड़ी पूर्ण संकल्प के साथ खेलें। खिलाड़ियों और खेल सुविधाओं के लिये धन की कमी नहीं होगी। श्री चौहान यहाँ टी.टी. नगर स्टेडियम में मुख्यमंत्री राज्य खेल कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने खेल कार्यक्रम के विधिवत शुभारंभ की घोषणा की।
श्री चौहान ने कहा कि ओलम्पिक 2020 में मध्यप्रदेश के खिलाड़ी भी पदक जीतें इसके लिये अभी से तैयारी शुरू की जा रही है। अप्रैल माह में मुख्यमंत्री युवा ओलम्पिक शुरू किया जायेगा जिसमें प्रतिभावान खिलाड़ियों को चिन्हित कर आधुनिक पद्धति से प्रशिक्षित किया जायेगा। खिलाड़ियों को सरकार हर संभव सुविधा और सहायता उपलब्ध करवाएगी। भूतपूर्व खिलाड़ियों की सहायता के लिये खिलाड़ी कल्याण कोष गठित किया गया है। खेलों में राजनीति नहीं होनी चाहिये। बल्कि राजनीति में खेल भावना लाने के प्रयास किये जाने चाहिये।
इस अवसर पर ओलम्पिक रजत पदक विजेता सुशील कुमार ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार जिस प्रकार खिलाड़ियों को सुविधायें और सहयोग दे रही है उससे यह स्थापित हुआ है कि प्रदेश में खेलों का उज्जवल भविष्य है।
मुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश ओलम्पिक संघ के सचिव एस.आर देव को सम्मानित किया। उन्होंने प्रदेश के खेल प्रशिक्षक के रूप में जल खेलों के लिये गिरधारी लाल यादव, हॉकी के लिये अशोक कुमार, निशानेबाजी के लिये मनशेरसिंह, क्रिकेट के लिये मदनलाल और कुश्ती के लिये सुशील कुमार को ऑफर लेटर प्रदाय किये। राज्य खेल आयोजन में कुश्ती और एथलेटिक्स के पदक विजेताओं को पुरस्कृत किया।