भोपाल, फरवरी 2013/ मध्यप्रदेश में वर्ष 2004 से दिसम्बर, 2012 तक 9 वर्ष की अवधि में एक लाख 59 हजार 71 सूक्ष्म, लघु, मध्यम और बड़ी औद्योगिक इकाइयों की स्थापना हुई है। कुल 21 हजार 785 करोड़ से ज्यादा के पूँजी निवेश से स्थापित इन इकाइयों में 3 लाख 94 हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिला है। उद्योगों में किया गया यह निवेश वर्ष 1994 से 2003 तक की अवधि में हुए निवेश से तीन गुना अधिक है।
विगत 9 वर्ष में स्थापित इकाइयों में एक लाख 58 हजार 943 सूक्ष्म एवं लघु इकाइयाँ शामिल हैं। इनमें 2 हजार 775 करोड़ 42 लाख रुपये से अधिक का निवेश हुआ और 3 लाख 70 हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिला। इस दौरान 128 वृहद एवं मध्यम उद्योग लगे। कुल 19 हजार 309 करोड़ 69 लाख रुपये के निवेश से स्थापित इन उद्योगों में 24 हजार से ज्यादा लोगों को रोजगार मिला।
पिछले 10 वर्ष
इसकी तुलना में वर्ष 1994 से 2003 तक 10 वर्ष की अवधि में प्रदेश में एक लाख 9 हजार 671 सूक्ष्म, लघु, मध्यम और बड़े उद्योग लगे थे। इनमें 7,195 करोड़ 76 लाख रुपये के निवेश से लगभग 3 लाख 8 हजार लोगों को रोजगार मिला था।