ग्वालियर मार्च 2013/ ग्वालियर में हुई ऑल इण्डिया इंटर कॉलेज सेल नेहरू कप प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश पहली बार चेम्पियन बना। यह प्रदेश के पुरुष खिलाड़ियों की ऐतिहासिक जीत है।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए म्युनिस्पिल कॉलेज, राऊरकेला, उड़ीसा को 8 के मुकाबले 3 गोल से हराया। हाफ टाइम तक राज्य की टीम 2-1 से बढ़त बनाए हुए थी। प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश की टीम ने सुरनाम कॉलेज, अम्बाला को 5-2 से, गुरुसुधार कॉलेज को 6-0 से और सेमी-फायनल में अलअमीन कॉलेज, बैंगलुरु को 3-2 से हराकर फायनल में प्रवेश किया था।
मध्यप्रदेश की टीम जवाहर लाल नेहरू कॉलेज, भोपाल की तरफ से खेल रही थी। राज्य खेल अकादमी के 11 खिलाड़ी ने प्रतियोगिता में भाग लिया। इनमें सर्वश्री प्रहलाद राठौर, ब्रजेश यादव, शाकिर हुसैन, देवेश उइके, नीलाकांता शर्मा, राजू सिंह, अरमान कुरैशी, विकास चौधरी, सरफराज खान, इरशाद इकबाल, अमित सिंह टीम के सदस्य के रूप में शामिल थे। टीम के अन्य सदस्यों में आफताब अहमद, अमानउल्ला, अफ्फान यूसुफ, आजम बेग, मो. साहिर, जुनैद अंसारी, सैयद मोहसिन हसन तथा प्रशिक्षक हबीब हसन और लोकेन्द्र शर्मा थे।
अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक ओलम्पियन अर्जुन अवार्डी अशोक ध्यानचंद ने प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश हॉकी खिलाड़ियों के प्रदर्शन को उल्लेखनीय बताया है। मध्यप्रदेश सब-जूनियर महिला हॉकी में राष्ट्रीय चेम्पियन है। अब ऑल इण्डिया कॉलेज में भी राष्ट्रीय चेम्पियन बना। यह मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा हॉकी के खेल को बढ़ावा दिये जाने का परिणाम है।