वोट काटू पार्टी बनी कांग्रेस, जनता का 'मत' NDA को, नहीं चला 'वोट चोरी' पंच
Bihar Election Results : बिहार इलेक्शन का रिजल्ट चौंकाने वाला होगा यह तो सभी को पता था लेकिन इतना अधिक रोमांचक होगा यह किसी ने सोचा नहीं था। जहां जनता का 'मत' एनडीए को मिला वहीं कांग्रेस खाली हाथ रह गई। हाल यह है कि, कांग्रेस को अब कुछ दल वोट काटू पार्टी का दर्जा दे रहे हैं। आरजेडी को जिताने के लिए तेजस्वी यादव की सरकारी नौकरी देने का वादा भी काम नहीं किया। दूसरी तरफ दस हजारी योजना का पूरा - पूरा फायदा भाजपा - जेडीयू ने मिलकर उठाया। चिराग पासवान के बेहतर प्रदर्शन ने तो एनडीए की जीत में चार चांद ही लगा दिए।
खबर लिखे जाने तक भाजपा ने 89 सीट जीती। जेडीयू ने 85, RJD ने 25, Lok Janshakti Party (Ram Vilas) ने 19, कांग्रेस ने 6, AIMIM ने 5, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा ने 5, Rashtriya Lok Morcha - RSHTLKM ने 4, CPI(ML)(L) ने मात्र 2, CPI(M) ने 1 और BSP 1 सीट जीती। 243 सीटों वाली बिहार विधानसभा में एनडीए बहुमत का आंकड़ा को पार कर ही लिया है।
बता दें कि, भाजपा और जेडीयू ने 101 - 101 सीट पर चुनाव लड़ा था। लोजपा राम विलास ने 29 सीट, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) 6 सीट और राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने 6 सीट पर चुनाव लड़ा था।
महागठबंधन की बात की जाए तो राजद ने 143, कांग्रेस 61, भाकपा माले 20, वीआईपी 12, भाकपा 9, माकपा 4 और इंडियन इंक्लूसिव पार्टी 3 पर कैंडिडेट उतारी थी। प्रशांत किशोर की जनसुराज पार्टी ने भी चुनाव लड़ा था लेकिन खाते में 0 सीट आई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार की जनता का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि, 'बिहार की जनता ने तो गर्दा ही उड़ा दिया।' वे साफा घुमाते हुए भाजपा कार्यालय में वैसे ही एंट्री लिए जैसे प्रचार के समय बिहार में।
भाजपा जश्न में है तो कांग्रेस सदमे में। नेता विपक्ष राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि, 'बिहार का यह परिणाम वाकई चौंकाने वाला है। हम एक ऐसे चुनाव में जीत हासिल नहीं कर सके, जो शुरू से ही निष्पक्ष नहीं था। यह लड़ाई संविधान और लोकतंत्र की रक्षा की है। कांग्रेस पार्टी और INDIA गठबंधन इस परिणाम की गहराई से समीक्षा करेंगे और लोकतंत्र को बचाने के अपने प्रयासों को और अधिक प्रभावी बनाएंगे।'
चुनाव परिणाम सामने आने के बाद असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM ने ट्वीट करते हुए कहा कि, 'कांग्रेस ने वोट काटकर हमें, भारी नुकसान पहुंचाया है वर्ना हम 15+ सीट जीत रहे थे।' इस तरह ओवैसी की पार्टी ने सार्वजनिक तौर पर देश की सबसे पुरानी पार्टी को वोट काटू पार्टी का टैग दे दिया।
वोटिंग में बंपर बढ़ौतरी, एनडीए को फायदा - इस बार हुई वोटिंग की बात की जाए तो 73 सालों का रिकॉर्ड टूटा है। दोनों चरणों को मिलाकर कुल 67.13 फीसदी वोटिंग दर्ज की गई। नतीजा यह हुआ कि, एनडीए प्रचंड जीत हासिल कर पाया। पिछले विधानसभा चुनाव में वोट प्रतिशत मात्र 57.05% था। 2020 के चुनाव में भाजपा 74, जदयू 43, राजद 75, कांग्रेस 19, वामदलों को 16, वीआईपी और हम को 4-4 सीट, अन्य दलों में AIMIM ने पांच, बसपा, लोजपा और निर्दलीय ने एक-एक सीटें जीती थी।