खुशखबरी : जीएसटी पर भारी कटौती, TV, AC, कार से लेकर शैम्पू और टूथपेस्ट हो गए सस्ते
GST Council Meeting : दीवाली से पहले मोदी सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। बुधवार को 10 घंटे से ज्यादा चली 56वीं बैठक में आठ साल पुराने इनडायरेक्ट टैक्स सिस्टम के तहत अगली पीढ़ी के सुधारों को मंजूरी मिली। आम आदमी, व्यापारी और किसानों को ध्यान में रखते हुए अब सिर्फ दो टैक्स स्लैब रखे गए हैं। इनमें से एक 5 प्रतिशत और दूसरा 18 प्रतिशत का है। केवल अति विलासिता, सिन गुड के लिए 40 प्रतिशत टैक्स स्लैब रखा गया है।
तंबाकू और तंबाकू से संबंधित उत्पादों को छोड़कर सभी दरों में बदलाव, नवरात्रि के पहले दिन 22 सितंबर से लागू होंगे। यह बात केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कही। इस बैठक की अध्यक्षता 31 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मंत्रियों ने की थी। दो दिवसीय बैठक एक ही दिन में खत्म हो गई, जबकि कार्यवाही शुरू होने से पहले ही कई राज्यों ने राजस्व हानि की चिंता जताई थी।
डेयरी प्रोडक्ट होंगे सस्ते: जीएसटी परिषद ने फलों के रस, मक्खन, पनीर, गाढ़ा दूध, पास्ता, पैकेज्ड नारियल पानी, सोया मिल्क ड्रिंक्स, मेवे, खजूर और सॉसेज जैसी पैकेज्ड और ब्रांडेड खाद्य वस्तुओं से लेकर मेडिकल ग्रेड ऑक्सीजन, गॉज, बैंडेज, डायग्नोस्टिक किट (12 प्रतिशत से 5 प्रतिशत) जैसी चिकित्सा वस्तुओं पर जीएसटी की दर में व्यापक कटौती की घोषणा की है। अल्ट्रा-हाई टेम्परेचर दूध, छेना या पनीर, पिज्जा ब्रेड और खाखरा, सादी चपाती और रबड़ जैसी शिक्षा संबंधी वस्तुओं पर जीएसटी की दर वर्तमान 5 प्रतिशत से घटाकर शून्य कर दी गई है।
किचनवेयर से लेकर साबुन, शैंपू, टूथब्रश, टूथपेस्ट भी सस्ता अन्य सामान्य उपयोग की वस्तुएं जिन पर जीएसटी की दर 12 प्रतिशत या 18 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत कर दी गई है, उनमें हेयर ऑयल, साबुन, शैंपू, टूथब्रश, टूथपेस्ट, साइकिल, टेबलवेयर, किचनवेयर और अन्य घरेलू सामान शामिल हैं।
TV, AC ही नहीं बल्कि कार भी हुई सस्ती एयर कंडीशनर, टेलीविजन सेट, डिशवॉशिंग मशीन जैसी सफेद वस्तुओं पर भी जीएसटी की दर 28 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दी गई है। 1200 सीसी (पेट्रोल) और 1500 सीसी (डीज़ल) से कम इंजन क्षमता वाली और 4 मीटर से कम लंबाई वाली छोटी कारें अब 18 प्रतिशत के स्लैब में होंगी। 350 सीसी से कम इंजन क्षमता वाली मोटरसाइकिलों और सभी ऑटोमोटिव पार्ट्स पर भी कर में छूट दी जाएगी, जिन पर अब 18 प्रतिशत कर लगेगा। बड़ी कारों पर 40 प्रतिशत कर लगेगा। सभी इलेक्ट्रिक वाहनों पर जीएसटी की दर 5 प्रतिशत पर अपरिवर्तित रहेगी।