आरएसएस के सरसंघचालक के साथ संवाद नामक इस कार्यक्रम

RSS कार्यक्रम में रंजन गोगोई, कंवल सिब्बल, अभिनव बिंद्रा, डागर ब्रदर्स समेत मशहूर हस्तियां आमंत्रित, भव्य होगा संवाद

नई दिल्ली। RSS के कार्यक्रम में रंजन गोगोई, कंवल सिब्बल, अभिनव बिंद्रा और डागर ब्रदर्स समेत मशहूर हस्तियों को आमंत्रित किया गया है। आरएसएस के सरसंघचालक के साथ संवाद नामक इस कार्यक्रम का भव्य आयोजन  26, 27 और 28 अगस्त को होने जा रहा है।

आरएसएस के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर कहते हैं, "आरएसएस अपना शताब्दी वर्ष मनाने जा रहा है। शताब्दी वर्ष 2 अक्टूबर विजयादशमी से शुरू हो रहा है। शताब्दी वर्ष को ध्यान में रखते हुए, हमारे विचारों को समाज तक पहुंचाने के उद्देश्य से दिल्ली में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। 26, 27 और 28 अगस्त को सरसंघचालक के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। समाज की प्रमुख हस्तियों को इसमें आमंत्रित किया गया है। संघ की 100 साल की यात्रा, जिसमें कई पड़ाव और कई आयोजन हुए और जो कार्य किए गए, उनके अनुभव की जानकारी समाज तक पहुंचाई जाएगी।"

कार्यक्रम में सरसंघचालक मोहन भागवत समाज के बुद्धिजीवियों के साथ आगामी कार्यों के बारे में बातचीत करेंगे। यह संवाद पूरे देश के सामने लाइव होगा। वह देश के महत्वपूर्ण विषयों पर भी बोलेंगे। इस कार्यक्रम में सेवानिवृत्त न्यायाधीश आ रहे हैं। सुनील आंबेकर ने बताया कि, 'पूर्व मुख्य न्यायाधीश रंजन गोगोई को भी आमंत्रित किया गया है। पूर्व राजनयिक कंवल सिब्बल और पूर्व राजदूतों को भी आमंत्रित किया गया है। कई पूर्व प्रशासनिक अधिकारियों को भी आमंत्रित किया गया है। कला के क्षेत्र से जुड़े लोग, जैसे डागर ब्रदर्स, को आमंत्रित किया गया है। अभिनव बिंद्रा और कपिल देव ने भी निमंत्रण स्वीकार कर लिया है। हमने कई तरह के लोगों को आमंत्रित किया है।'

सुनील आंबेकर ने यह जानकारी भी दी कि, "अब तक लगभग 1300 लोगों ने अपनी उपस्थिति की पुष्टि की है। हमने लगभग सभी राजनीतिक दलों के लोगों से संपर्क किया है और उनमें से कई ने अपनी उपस्थिति की पुष्टि की है। हमने दूतावासों को भी आमंत्रित किया है - अमेरिका से लेकर चीन, कुवैत से लेकर कजाकिस्तान तक और नेपाल जैसे हमारे पड़ोसी देशों को भी आमंत्रित किया गया है। इसी तरह के कार्यक्रम बेंगलुरु, कोलकाता और मुंबई में भी आयोजित किए जाएंगे।"