Trump Tariffs : दुनिया अमेरिकी प्रेजिडेंट द्वारा लगाए गए टैरिफ की मार झेल रही है। उन्होंने भारत पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगा दिया है। इसके चलते दोनों देशों के बीच रिश्ते कुछ ठीक नहीं चल रहे। आए दिन ट्रंप प्रशासन से जुड़े लोग भारत पर निशाना साध रहे हैं। इस बीच राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने फैसले को सही बताने के लिए कुछ बयान दिए हैं। उन्होंने भारत के साथ व्यापारिक रिश्तों को ट्रंप ने एकतरफा बताया है। इसके आलावा ट्रंप ने हार्लेडेविडसन का उदहारण भी दिया है।
भारत पर टैरिफ लगाने के एक सवाल के जवाब में ट्रंप ने कहा कि, "भारत के साथ हमारे रिश्ते बहुत अच्छे हैं लेकिन आपको समझना होगा कि कई सालों तक भारत के साथ हमारे रिश्ते एकतरफा रहे हैं और भारत हमसे बहुत ज्यादा टैरिफ वसूल रहा था। दुनिया में लगभग सबसे ज्यादा। इसलिए हम भारत के साथ ज्यादा व्यापार नहीं कर रहे थे लेकिन वे हमारे साथ व्यापार कर रहे थे क्योंकि हम उनसे बेवजह टैरिफ नहीं लगा रहे थे। वे जो कुछ भी बनाते थे, उसे बड़े पैमाने पर भेजते थे। इसलिए वह सामान यहां नहीं बनता था, जो एक नकारात्मक बात है लेकिन हम कुछ भी नहीं भेजते थे क्योंकि वे हमसे 100% टैरिफ वसूल रहे थे।"
"मैं आपको एक उदाहरण देता हूं, हार्ले डेविडसन। हार्ले डेविडसन भारत में अपनी मोटरसाइकिल नहीं बेच सकती थी। एक मोटरसाइकिल पर 200% टैरिफ था। तो क्या हुआ? हार्ले डेविडसन भारत गई और एक मोटरसाइकिल प्लांट बनाया, और अब उन्हें टैरिफ नहीं देना पड़ता, बिल्कुल हमारी तरह। तो हम जो कर रहे हैं, वह यह है कि हज़ारों कंपनियां अमेरिका में आ रही हैं, कार कंपनियां, एआई, लेकिन आप जानते हैं, पारंपरिक रूप से, कार कंपनियां। हमारे यहां अभी कई कार कंपनियों के कारखाने निर्माणाधीन हैं या डिज़ाइन किए जा रहे हैं, और वे चीन से आ रहे हैं। वे मेक्सिको से आ रहे हैं, मुझे आपको बताना होगा, और वे कनाडा से भी आ रहे हैं। वे हमारे देश में इसलिए आ रही हैं क्योंकि वे यहां निर्माण करना चाहती हैं।"