INDvsPAK Asia Cup : क्रिकेट में दिलचस्पी रखने वालों को जिस घड़ी का इन्तजार था वो अब नजदीक है। एशिया कप इतिहास में पहली बार भारत और पाकिस्तान की टीम आमने - सामने होंगी। मैच के दौरान मैदान पर गहमागहमी का माहौल होने की आशंका है। दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम क्रिकेट में यह मुकाबला भारतीय समय के अनुसार, रात 8 बजे से खेला जाएगा।
अजेय रही है टीम इंडिया -
सूर्यकुमार यादव ब्रिगेड की बात की जाए तो टीम अपने फॉर्म में है। भारतीय टीम का अभियान अब तक अजेय रहा है। ग्रुप स्टेज और सुपर 4 में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को करारी शिकस्त दी थी। अब भारतीय टीम मैदान में अपना दबदबा बरकार रखने उतरेगी वहीं पाकिस्तान के लिए यह मैच इज्जत के सवाल जैसा है।
अभिषेक शर्मा से पाकिस्तान को खतरा -
भारतीय टीम एशिया कप में पाकिस्तान के साथ अब तक दो मैच खेल चुकी है। दोनों ही मैच में भारत ने पाकिस्तान को करारी शिकस्त दी थी। दोनों ही मैच में पाकिस्तान को हराने में अभिषेक शर्मा का बड़ा हाथ है। ग्रुप मुकाबले में जहां उन्होंने 13 गेंद में 31 रन बना डाले वहीं सुपर - 4 में उन्होंने मात्र 39 गेंद में 74 रन की पारी खेली। पाकिस्तान के साथ पहले मैच में भारतीय टीम को 128 रन का टारगेट मिला था वहीं दूसरे मैच में टारगेट 172 था। इस तरह भारतीय टीम में अभिषेक शर्मा पाकिस्तान के लिए ब्रह्मोस मिसाइल ही तरह हैं।
भारत और पाकिस्तान के बीच राइवलरी खत्म!
पिछली बार जब भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव से पाकिस्तान के साथ क्रिकेट मैच में राइवलरी की बात पूछी गई थी तो उन्होंने स्पष्ट किया था कि, मुकाबला बराबरी की टीम के बीच होता है। रिकॉर्ड पर नजर डालें तो T-20 मैच में भारत और पाकिस्तान अब तक 15 बार आपस में भिड़े हैं। इनमें से 12 मैच भारत ने जीते हैं। इस तरह मुकाबला एकतरफा रहा।
एशिया कप फाइनल में भारत और पाकिस्तान की संभावित प्लेयिंग-XI
भारत - सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, तिलक वर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रित बुमराह।
पाकिस्तान - सलमान आगा (कप्तान), साहिबजादा फरहान, फखर जमान, सैम अयूब, हुसैन तलत, मोहम्मद नवाज, फहीम अशरफ, मोहम्मद हारिस (विकेटकीपर), शाहीन शाह अफरीदी, हारिस रऊफ, अबरार अहमद।